रायगढ़ , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के मित्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और पुलिस स्वान 'रूबी' की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि ग्राम भकुर्रा निवासी गोरखनाथ चौहान ने 12 जुलाई की रात अपने पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23) का शव घर की परछी में पड़े होने की सूचना दी थी। घटनास्थल पर खून से लथपथ शील पत्थर मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान स्वान दस्ते की पुलिस स्वान 'रूबी' ने मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव तक पहुंचने में महत्वपूर्ण संकेत दिए, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी भुवनेश्वर यादव (26) ने हत्या की बात कबूली। उसने बताया कि घटना के दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर भोजन कर रहे थे तथा शराब पी रहे थे। इसी दौरान आपसी विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखे शील पत्थर से रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह ने मामले के शीघ्र खुलासे में थाना लैलूंगा पुलिस टीम, डॉग स्क्वाड तथा विशेष रूप से पुलिस स्वान 'रूबी' और उसके स्वान मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित