रायगढ़ , जुलाई 07 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के बोईरदादर स्थित सेंट जेवियर स्कूल के बाहर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदर्शन कर स्कूल में ईसाई धर्म का पाठ पढ़ाए जाने और धर्मांतरण से जुड़े आरोप लगाए। प्रशासन द्वारा मामले की जांच तीन दिनों के भीतर कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
एबीवीपी कार्यकर्ता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह करीब 11 बजे स्कूल के मुख्य द्वार पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की निर्धारित समय से पहले छुट्टी कर दी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ तहसीलदार भी पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने आरोप लगाया कि स्कूल में ईसाई धर्म का पाठ पढ़ाया जाता है तथा धर्मांतरण से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस दौरान स्कूल के मुख्य द्वार पर काफी देर तक नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थिति को शांत कराने के प्रयास में स्कूल के प्राचार्य प्रदर्शनकारियों से चर्चा के लिए बाहर आए, लेकिन बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद प्राचार्य वापस स्कूल परिसर में चले गए। इस बीच एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और कुछ समय के लिए सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित