रायगढ़ , जुलाई 28 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक स्थित शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में सरकारी योजना के तहत छात्राओं को वितरित की जाने वाली साइकिलों को लेकर विवाद सामने आया है। साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने वितरण रोकने की मांग की, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में मंगलवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की जानी थी। कार्यक्रम के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान श्री भगत स्कूल पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए वितरण का विरोध शुरू कर दिया।

श्री भगत का आरोप था कि साइकिल पर 'हीरो' लिखा हुआ है, जबकि उस पर 'कावेरी' का स्टीकर लगा है। उन्होंने साइकिलों की खरीदी से जुड़े बिल और रसीद दिखाने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट हो सकेगा कि इनकी वास्तविक कीमत क्या है।

विरोध के दौरान भाजयुमो पूर्व अध्यक्ष स्कूल परिसर में धरने पर बैठ गए। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद स्कूल के प्राचार्य ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों और पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और री भगत को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस दौरान हिरासत का विरोध करने पर पुलिस और श्री भगत के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी उन्हें गाड़ी तक ले जाते नजर आ रहे हैं।

श्री भगत ने कहा, "साइकिल हीरो कंपनी की बताई गई लेकिन उस पर कावेरी का स्टीकर लगा था। इस तरह की साइकिलें बांटना बच्चों के साथ अन्याय है। उन्हें गुमराह किया जा रहा है।" उन्होंने कहा कि "स्कूल में सिखाया जाता है कि सच के लिए बोलिए, अपने हक के लिए बोलिए लेकिन यहां बच्चों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। प्रशासन से अनुरोध है कि गरीब बच्चों का हक मत मारिए। उनके खातों में पैसे डाल दीजिए, ताकि वे अपनी पसंद की अच्छी साइकिल खरीद सकें।"वहीं लैलूंगा के जिला उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी सरकार में सरस्वती साइकिल योजना के तहत आज साइकिल बांटा जा रहा था। आमंत्रित करने पर हम यहां पहुंचे थे। सम्मान के साथ बच्चों को साइकिल दी गई, जिन्हें विरोध करना है वो तो करेंगे ही। जो भी प्रक्रिया होगी हम उसका पालन करेंगे ही।"लैलूंगा के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रवि सारथी ने बताया कि साइकिलों की खरीदी शासन स्तर पर की गई है और इन्हें शासन की योजना के तहत वितरित किया जाना था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित