रायगढ़ , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ शहर में चल रहे सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों का निरीक्षण कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

श्री चौधरी ने निरीक्षण के दौरान सर्किट हाउस, ढीमरापुर क्षेत्र तथा फोरलेन से जुड़े विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शहर की दृष्टि से महत्वपूर्ण गोवर्धनपुर पुल के निर्माण का कार्यादेश जारी किया जा चुका है और परियोजना को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में लंबे समय से लंबित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे शहरवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान भी जिन कार्यों का निष्पादन संभव है, उन्हें निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि सड़क और पुल निर्माण के दौरान नागरिकों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से विकास कार्य समय पर पूरे होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित