रायगढ़ , जून 03 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र स्थित अंबेटिकरा पुल के पास नदी में लापता हुए एक युवक का शव करीब 22 घंटे बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हाटी गांव निवासी जयसिंह अगरिया (19) मंगलवार को अपने दो साथियों के साथ अंबेटिकरा पुल के पास नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह कथित रूप से रील बनाने के दौरान पुल से नदी में कूद गया, लेकिन दोबारा पानी की सतह पर नहीं आया। घटना के बाद उसके साथियों ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस तथा जिला डिजास्टर रिस्पांस फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। बुधवार सुबह से डीडीआरएफ की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया।

लगातार चले खोज अभियान के बाद आज युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित