रायगढ़ , जून 16 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोमवार देर रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक जंगली हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाथियों का एक बड़ा दल मौके पर पहुंच गया, जिसके चलते वन विभाग और रेस्क्यू टीम को राहत एवं उपचार कार्य में शुरुआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
वन विभाग के अनुसार घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव के पास की है। बताया गया कि कोयला परिवहन के लिए उपयोग की जा रही रेल लाइन पर एक मालगाड़ी गुजर रही थी, तभी एक जंगली हाथी उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी के एक पैर में गंभीर और गहरी चोट आयी, जिससे वह दर्द से तड़पता रहा।
घायल हाथी की आवाज सुनकर उसके दल के अन्य हाथी भी मौके पर पहुंच गए और लंबे समय तक आसपास डटे रहे। हाथियों की मौजूदगी के कारण वन विभाग और रेस्क्यू दल को घायल हाथी तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थिति नियंत्रित होने के बाद विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों की टीम ने घायल हाथी का उपचार शुरू किया। वन विभाग द्वारा हाथी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में वन अमले की निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित