रायगढ़ , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार को एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले की मूल निवासी महिला अपने दो बच्चों के साथ रायगढ़ महिला थाना पहुंची और लिखित शिकायत सौंपकर न्याय तथा सुरक्षा की मांग की। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि करीब पांच वर्ष पूर्व रायगढ़ के इंदिरा नगर निवासी वसीम खान ने स्वयं को तलाकशुदा बताकर उससे विवाह किया था।

महिला का आरोप है कि विवाह के बाद उस पर लगातार धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि दो बच्चों के जन्म के बाद भी उसे मानसिक एवं पारिवारिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

शिकायत में महिला ने कुछ अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं, जिनकी सत्यता की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। महिला ने अपने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है।

इस बीच, जानकारी मिली है कि संबंधित आरोपी हाल ही में एक अन्य आपराधिक मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित