रायगढ़ , मई 15 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जूनियर महिला अधिवक्ता आराधना सिदार की रहस्यमयी हत्या के विरोध में शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला अधिवक्ता आराधना सिदार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने बताया कि 13 मई को आराधना से संपर्क नहीं होने पर उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में फोन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उठाए जाने से मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
इधर, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष लालमणि त्रिपाठी ने घटना को बेहद दुखद और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ ने पहले शोक सभा आयोजित की, जिसके बाद विरोध स्वरूप पैदल मार्च निकालकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने यह भी कहा कि जिला अधिवक्ता संघ ने प्रस्ताव पारित किया है कि इस हत्याकांड के आरोपी के पक्ष में कोई भी अधिवक्ता पैरवी नहीं करेगा।
पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच तेज गति से जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं तथा कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित