रायगढ़ , मई 20 -- छत्तीसगढ के रायगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण महाअभियान बुधवार को अग्रोहा धाम में शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने भाजपा का ध्वज फहराकर और दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वंदे मातरम् और भारत माता के जयघोष के साथ प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग को संगठन सशक्तिकरण और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान माना जा रहा है। पार्टी ने इस आयोजन को "राजनीति की पाठशाला" का स्वरूप दिया है, जहां कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा और जनसंपर्क के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के दौरान सक्रिय नहीं रहता, बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर सेवा और संगठन के कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, संभाग प्रभारी रामू रोहरा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका को भाजपा की वास्तविक शक्ति बताया।
महाअभियान के तहत कार्यकर्ताओं को वैचारिक निष्ठा, संगठन तंत्र, जन-संवाद कला और सरकार-जनसेतु की भूमिका जैसे चार प्रमुख विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले सत्र में अंत्योदय, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया, जबकि दूसरे सत्र में बूथ समिति, पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर तक संगठन की संरचना को मजबूत करने के उपाय बताए गए।
इसके अलावा कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर संपर्क अभियान, प्रभावी भाषण कला, मीडिया प्रबंधन और सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग को लेकर भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया संगठन का प्रभावी माध्यम बन चुका है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता का तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित