रायगढ़ , अक्टूबर 29 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोड़ातराई के समीप ग्राम सुर्री स्थित बारदाना गोदाम में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ी मात्रा में बारदाना जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद गोदाम में रखी सरकारी सामग्री की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुर्री स्थित गोदाम को जिला विपणन विभाग ने किराए पर ले रखा है, जहां विभाग से संबंधित बारदाने का भंडारण किया गया था। गोदाम में अचानक आग लगने से वहां रखे बारदाने को व्यापक नुकसान पहुंचा। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

घटना के बाद जिला विपणन विभाग की भंडारण व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। बताया जा रहा है कि आग में नष्ट हुए बारदाने को विभागीय स्तर पर अनुपयोगी बताया जा रहा है। ऐसे में अनुपयोगी सामग्री के भंडारण के लिए प्रतिमाह हजारों रुपये किराया दिए जाने के औचित्य पर सवाल उठ रहे हैं। इसके अतिरिक्त गोदाम में रखे नए बारदानों के सैकड़ों बंडल भी खराब होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि और आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित