रायगढ़ , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और अन्य आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन बैठक आज आयोजित की गई, जिसमें कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले के उन सभी क्षेत्रों की विस्तार से समीक्षा की गई, जहां पिछले कुछ वर्षों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी थी। अधिकारियों ने ऐसे संवेदनशील स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

बैठक में कलेक्टर ने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों की सहायता और सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो आपदा की स्थिति में चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा।

बैठक में बाढ़ के साथ-साथ बरसात के मौसम में बढ़ने वाले डेंगू के खतरे और बिजली व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को साफ-सफाई, जल निकासी, मच्छर नियंत्रण अभियान तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित