रायगढ़ , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जाम गांव रोड स्थित बादपाली गांव में एक प्लास्टिक रॉ मैटेरियल रिफायनरी प्लांट में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मुकेश मखीजा के प्लास्टिक रॉ मैटेरियल रिफायनरी प्लांट में अचानक आग लग गई। प्लास्टिक और रासायनिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। इससे आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग फैलती तो यह पास के बादपाली गांव तक पहुंच सकती थी।

इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित