रायगढ़ , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में सिलसिलेवार दोपहिया वाहन चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच चोरी के वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्वालियर निवासी निर्मल धाकड़ (28) के रूप में हुई है। शहर में लगातार सामने आ रही बाइक चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पांच अलग-अलग स्थानों के फुटेज में एक ही संदिग्ध युवक दिखाई देने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि 24 सितंबर को गौशाला के पास एक संदिग्ध युवक के बाइक से छेड़छाड़ करने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 12 सितंबर को अपनी महिला मित्र से मिलने ग्वालियर से रायगढ़ आया था। यहां पैसे खत्म होने के बाद उसने कथित तौर पर उन बाइक और स्कूटी को निशाना बनाना शुरू किया, जिनमें चाबी लगी रहती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी वाहन का पेट्रोल खत्म होने पर उसे छोड़ देता था और दूसरी बाइक चोरी कर लेता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित