रायगढ़ , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराने बस डिपो के पास मंगलवार सुबह झाड़ियों में 16 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और पुलिस को आशंका है कि पत्थर अथवा किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है। मामले में दो से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आज बताया कि, मृतक की पहचान संजय मैदान क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय धनुर्जय चौहान के रूप में हुई है। धनुर्जय एक कार शोरूम में काम करता था। वह सोमवार सुबह काम में गया जहां से शाम वापस लौटने के बाद रात चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा।
मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के आसपास रहने वाले लोगों ने झाड़ियों के बीच खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सिर पर पत्थर या किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने मामले में दो से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धनुर्जय आखिरी बार किन लोगों के साथ था और हत्या के पीछे क्या वजह रही।
मृतक के पिता शिवलाल चौहान ने बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी तीन बेटियां और एक बेटा था। बेटा कार शोरूम में काम करता था। बेटियों की पढ़ाई के लिए वे किराए के मकान में रहते हैं।
शिवलाल के मुताबिक, बेटा रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात 10 बजे तक उसके मोबाइल पर कॉल जा रही थी, लेकिन 11 बजे मोबाइल बंद बताने लगा। सुबह उन्हें बेटे के साथ हुई घटना की जानकारी मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित