रायगढ़ , अप्रैल 24 -- ) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत दीनदयाल कॉलोनी में निर्माणाधीन सड़क पिछले दो वर्षों से अधूरी पड़ी है, जिससे स्थानीय निवासियों में आक्रोश व्याप्त है। करीब 500 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य ढाई साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में करीब 50 वर्षों बाद पहली बार सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर आगामी बारिश को लेकर लोग चिंतित हैं, क्योंकि हर साल की तरह इस बार भी कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहने की आशंका है।

रहवासियों ने बताया कि स्कूली बच्चों, महिलाओं और रोज़मर्रा के कामकाजी लोगों को इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। यह सड़क दीनदयाल कॉलोनी को ढीमरापुर और सर्किट हाउस उर्दना मार्ग से जोड़ती है, जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी।

इस मामले में वार्ड क्रमांक छह के पूर्व पार्षद संजय देवांगन ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चार बार लिखित शिकायत देने के बावजूद संबंधित ठेकेदार पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम अन्य लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई कर रहा है, लेकिन इस मामले में ठेकेदार पर नरमी बरती जा रही है।

श्री देवांगन ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित ठेका फर्म "विमला केशव कंस्ट्रक्शन" किसी सरकारी कर्मचारी से जुड़ी हुई है, जो रायपुर में रहकर रायगढ़ में अपनी पत्नी के नाम से ठेकेदारी कर रहा है, जिसके चलते कार्रवाई नहीं हो रही है।

फिलहाल नगर निगम द्वारा लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही जा रही है, लेकिन दीनदयाल कॉलोनी की अधूरी सड़क को लेकर स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित