रायगढ़ , अप्रैल 05 -- छत्तीसगढ़ में ट्रेड यूनियन काउंसिल रायगढ़ द्वारा रविवार सायं बीमा कार्यालय, सत्तीगुड़ी चौक स्थित सभा कक्ष में पदाधिकारियों एवं सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति रही, जहां संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत संगठन की वर्तमान स्थिति एवं अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा से हुई। इस दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सक्रियता बढ़ाने तथा श्रमिकों के हितों की प्रभावी सुरक्षा के लिए भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से उठाया गया। सदस्यों ने कार्यस्थल की परिस्थितियों, वेतन, सुरक्षा, श्रमिक अधिकारों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर अपने विचार रखे। इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी, ताकि श्रमिकों को बेहतर सुविधा और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

इसके साथ ही आगामी 01 मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इसे व्यापक स्तर पर मनाने, अधिक से अधिक श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित