रायगढ़ , जून 05 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ के रायगढ़ में कांग्रेस ने बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया और पर्यावरण विभाग को 10 सूत्रीय मांगों का शुक्रवार को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने जिले में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए इस दिन को प्रतीकात्मक रूप से 'प्रदूषण दिवस' के रूप में मनाया।
कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित होकर पर्यावरण विभाग कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में संचालित औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले धुएं और उड़ने वाली धूल के कारण शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरणीय स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि घरों की छतों, आंगनों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर धूल की मोटी परत जम रही है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि उद्योगों में प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रदूषण के स्तर से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने, स्वतंत्र जांच समिति गठित कर जमीनी स्तर पर निरीक्षण कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी और ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
इस बीच पर्यावरण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों पर अब तक लगभग 40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है तथा आगे भी सख्त निगरानी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित