रायगढ़ , मई 13 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पुलिस ने बुधवार को एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली पुलिस और अन्य टीमों की संयुक्त कार्रवाई में इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिले में संचालित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा केवल जुए तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन, हवाला नेटवर्क और ब्लैक मनी को वैध बनाने का संगठित तंत्र सक्रिय था।

इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन प्रमुख आरोपियों करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, एक नोट गिनने की मशीन और चार मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले 26 अप्रैल को भी साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रायगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियाँ खुलती गईं।

जांच में यह भी सामने आया कि करन चौधरी रायगढ़ से लेकर रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और दिल्ली तक फैले नेटवर्क के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था। सट्टे से अर्जित रकम को हवाला चैनल और व्यापारिक माध्यमों के जरिए ट्रांसफर किया जाता था।

वहीं कृष्णा प्राइड टावर में की गई कार्रवाई के दौरान पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल के ठिकानों से बड़ी मात्रा में नकदी और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि दोनों पर ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट करने का संदेह है।

पंकज.अभयवार्ताजांच में यह भी पाया गया कि आरोपी बैंक खातों के बजाय कर्मचारियों और परिचितों के खातों का उपयोग कर अवैध लेनदेन को छिपाने की कोशिश कर रहे थे। इलेक्ट्रॉनिक डाटा और वित्तीय दस्तावेजों के विश्लेषण में यह मामला संगठित आर्थिक अपराध के रूप में सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी करन चौधरी के खिलाफ पहले से ही जुआ, सट्टा, मारपीट और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। संगठित अपराध के साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित