रायगढ़ , मई 13 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बुधवार बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा मांड नदी के विभिन्न घाटों पर की गई।

जिला खनिज अधिकारी रमाकांत सोनी ने आज बताया कि मांड नदी के चंद्रशेखरपुर ऐडू घाट और लेबड़ा घाट में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतों पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान चंद्रशेखरपुर ऐडू घाट से एक चैन माउंटेन मशीन, एक जेसीबी और दो हाईवा वाहन जब्त किये गये।

इसी प्रकार लेबड़ा घाट में दबिश देकर एक लोडर और दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। विभाग द्वारा एक अन्य वाहन पर भी कार्रवाई की गई। इस तरह कुल आठ वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

श्री सोनी ने कहा कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित