रायगढ़, फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ''ऑपरेशन आघात'' के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर 21.378 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी के दौरान 21.378 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ, कार एवं मोबाइल सहित कुल 10.18 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सटीक सूचना के आधार पर बालसमुंद नाला के पास पहाड़ मंदिर रोड पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से संदिग्ध गंध आने पर चालक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने कार में गांजा होना स्वीकार किया। गवाहों की उपस्थिति में की गई तलाशी में डिक्की से 20 पैकेट गांजा बरामद हुआ। विधिवत तौल में कुल 21.378 किलोग्राम मादक पदार्थ पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजित सिंह, निवासी चांदमारी स्कूल के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा खरीदकर रायगढ़ में खपाने के लिए ला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरण्डम पर 21.378 किलोग्राम गांजा, स्विफ्ट डिजायर कार तथा तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है तथा उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशे के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें और सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित