रायगढ़ , जून 17 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आबकारी अधिनियम के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी विनय सिंह ठाकुर की तलाश में रायगढ़ पुलिस ने बुधवार को उसके निवास पर दबिश दी और कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस चस्पा कर निर्धारित अवधि में उपस्थित होने का निर्देश दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी विनय सिंह ठाकुर के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयासों के बावजूद उसके फरार रहने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर कोतरा रोड थाना पुलिस ने विशेष कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी मयंक मिश्रा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा कर उसे तीन दिन के भीतर संबंधित थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि निर्धारित समयावधि में उपस्थित नहीं होने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित