रायगढ़ , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक सरकारी वेबसाइट पर साइबर हमले का मामला सामने आया है। अज्ञात हैकर्स ने वेबसाइट को अनधिकृत रूप से एक्सेस कर उसके मुख्य पृष्ठ (होमपेज) को बदल दिया और वहां पाकिस्तान का झंडा तथा संदेश पोस्ट कर दिया। घटना सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन और आईटी सेल में हड़कंप मच गया।

निगम प्रशासन से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन और तकनीकी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सर्वर को मुख्य नेटवर्क से अलग कर दिया और वेबसाइट को ऑफलाइन कर मेंटेनेंस मोड में डाल दिया। नगर निगम के आईटी सेल के अनुसार, साइबर हमले में केवल वेबसाइट का होमपेज प्रभावित हुआ है। संपत्ति कर, जल कर और आम नागरिकों से संबंधित मुख्य डेटाबेस सुरक्षित है। साथ ही नागरिकों के व्यक्तिगत अथवा वित्तीय डेटा लीक होने के प्रमाण नहीं मिले हैं।

वेबसाइट हैक करने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। तकनीकी टीम सर्वर लॉग्स का विश्लेषण कर साइबर हमले के स्रोत और हैकर्स की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सिक्योरिटी पैच इंस्टॉल किए जा रहे हैं।

वेबसाइट को दोबारा शुरू करने से पहले कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाएगा। जांच और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही पोर्टल को आम नागरिकों के लिए फिर से ऑनलाइन किया जाएगा।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के हमले को 'वेब डिफेसमेंट' कहा जाता है। इसमें हैकर किसी वेबसाइट के मूल पृष्ठ को बदलकर उसकी जगह आपत्तिजनक सामग्री, प्रतीक या संदेश प्रदर्शित कर देते हैं। ऐसे हमलों में पुराने कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम, कमजोर एडमिन पासवर्ड और सॉफ्टवेयर की तकनीकी खामियों का फायदा उठाया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित