रायगढ़ , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वार्ड पार्षद विजय चौहान पर लोहे के जैक रॉड से जानलेवा हमला करने के आरोपी को जूटमिल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल जैक रॉड भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 12 सितंबर की रात करीब पौने दस बजे की है। वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर लौट रहे थे। पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड के पास मटन मार्केट में कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट होते देख वह बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान कमल सारथी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए लोहे के जैक रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया।
घटना के बाद पार्षद के पिता की रिपोर्ट पर जूटमिल थाने में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से आरोपी फरार था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के घर लौटने की सूचना मिलने पर टीम ने दबिश देकर कमल सारथी (26), निवासी पुराना बस स्टैंड सारंगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने जीजा से विवाद के दौरान पार्षद के हस्तक्षेप करने पर हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त जैक रॉड भी जब्त किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित