रायगढ़ , मार्च 01 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा से कुडुमकेला के बीच कुरकुट नाला के पास तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भारी वाहन आग की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों गाड़ियों की केबिन से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि चालक को गाड़ी से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग पर काबू पाने की कोशिश की गई लेकिन दोनों वाहन पूरी तरह जल गए। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित