मुंबई , अक्टूबर 13 -- महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के मानकीवली गांव के पास कस्तूरी लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस में मंगलवार सुबह लोहे का निर्माणाधीन शेड ढह जाने से एक मजदूर की मौत हो गयी और 25 अन्य घायल हो गये।

घटना के बाद गिरे हुए स्टील के ढांचे के नीचे कई मजदूर फंस गये, जबकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को आगे के इलाज के लिए कामोठे के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार गांव की सीमा के भीतर स्थित कस्तूरी लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। मजदूर शेड और उसके लोहे के सहायक ढांचे को खड़ा करने में लगे हुए थे, तभी अचानक पूरा ढांचा भरभरा कर गिर गया। इस ढहने से तेज आवाज हुई और मौके पर मौजूद मजदूरों के बीच अफरातफरी मच गयी। भारी स्टील के ढांचे और मलबे के नीचे कई मजदूर फंस गये, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना हुया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित