रायगढ़ , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और नागरिकों की सुविधाओं तथा भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा एवं मिट्ठूमुड़ा तालाबों के सौंदर्यीकरण और किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी ली।

वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होने और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने सीमांकन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने तथा सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों में समन्वय बनाए रखने को कहा।

चौधरी ने बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबा हटाकर परिसर को व्यवस्थित रखने को भी कहा।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खेल अधोसंरचना का विकास खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुरूप किया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों के सुझावों और समस्याओं पर ध्यान देने के साथ स्टेडियम परिसर में ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।

वित्त मंत्री ने फटहामुड़ा तालाब में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। यहां पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इन सुविधाओं के पूरा होने से नागरिकों को सुबह-शाम भ्रमण, व्यायाम और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

मिट्ठूमुड़ा तालाब परिसर में प्रवेश मार्ग, पार्किंग, पार्क, पाथवे, ओपन जिम सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। चौधरी ने कार्यों को समग्र रूप से पूरा करने और निर्माण के दौरान सीपेज जैसी समस्याओं से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। इस दौरान नागरिकों की मांग पर उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही।

चौधरी ने प्रगतिनगर मरीन ड्राइव में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाली सुविधाओं का विकास आवश्यक है। ऑक्सीजोन नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रायगढ़ प्रवास के दौरान वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हैं, ताकि प्रगति का आकलन करने के साथ नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप आवश्यक सुधार किए जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित