रायगढ़ , दिसंबर 12 -- छत्तीसगढ में रायगढ़ के ढिमरापुर चौक स्थित आशीर्वाद पुरम कॉलोनी के पास शुक्रवार सुबह रेत से भरी हुई एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर अचानक नाले में पलटने सात लोग घायल हो गये। जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं और पांच अन्य को मामली चोट आयी है।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस रेस्पॉन्स टीम को मौके पर रवाना किया। दोनों टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के ओवरलोड और असंतुलन की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ओवरलोडिंग और असुरक्षित परिवहन से बचने की अपील भी की गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान जोरदार आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित