रायगढ़, 16 मई 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले की ऐतिहासिक सिंघनपुर गुफा में शैलचित्रों के संरक्षण और शोध कार्य के लिए पहुंची पुरातत्व विभाग की टीम पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के पुरातत्व विभाग की अनुसंधान टीम शुक्रवार को गुफा में मौजूद प्राचीन शैलचित्रों और संरक्षित हिस्सों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान गुफा के भीतर अचानक मधुमक्खियों का विशाल झुंड सक्रिय हो गया और टीम पर टूट पड़ा। इस हमले में टीम के सदस्य घायल हो गए।

घटना के बाद सभी लोग जान बचाकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे। सूचना मिलते ही वन विभाग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को पहाड़ से नीचे उतारकर उपचार के लिए जिंदल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि रिसर्च टीम में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस संबंध में वन विभाग के एसडीओ आशीष खेलवार ने घटना की पुष्टि की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित