रायगढ़ , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने रविवार को शहर में विकास कार्यों की श्रृंखला के तहत प्रेस क्लब सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया और वार्ड क्रमांक 6 में नवनिर्मित मंगल भवन का लोकार्पण किया। इन कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भारी उपस्थिति रही।

वार्ड क्रमांक 27 में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्रेस क्लब भवन का भूमिपूजन करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि यह पत्रकारों के लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों और उनकी मांग का परिणाम है। उन्होंने जानकारी दी कि इस परियोजना के लिए 20 लाख रुपये शासन द्वारा और 30 लाख रुपये विधायक निधि से स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन तैयार हो।

वित्त मंत्री ने आगे कहा कि परिसर में पार्किंग और गार्डन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने मुख्य मार्ग के संभावित चौड़ीकरण को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्री चौधरी ने साझा किया कि रायगढ़ में वर्तमान में 100 से अधिक विकास परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं, जिनकी वे स्वयं नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि प्रेस क्लब भवन पत्रकारिता के क्षेत्र को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष पुनीराम रजक ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पत्रकारों के पुराने सपने का साकार होना बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित