सतना , अक्टूबर 16 -- सतना में श्री बिहारी रामलीला समाज द्वारा सुभाष पार्क मैदान में आयोजित 130वीं रामलीला में भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता तथा बाली वध के प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय और संवादों ने दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों से रूबरू कराया।

मंचन में माता सीता की खोज के दौरान भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के ऋष्यमूक पर्वत पहुंचने तथा हनुमान जी के माध्यम से सुग्रीव से भेंट होने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। सुग्रीव ने श्रीराम को अपने भाई बाली से मिले अन्याय और अपनी पीड़ा के बारे में बताया। इसके बाद श्रीराम और सुग्रीव ने मित्रता कर एक-दूसरे की सहायता का संकल्प लिया।

सुग्रीव और बाली के बीच युद्ध के दौरान भगवान श्रीराम द्वारा बाली वध का मंचन किया गया। इस प्रसंग के माध्यम से मित्रता, धर्म, न्याय और अन्याय के विरोध का संदेश दिया गया। प्रस्तुति ने मैदान में उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।

श्री बिहारी रामलीला समाज 130 वर्षों से रामलीला का आयोजन कर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए हुए है। प्रचार-प्रसार प्रमुख श्यामलाल गुप्ता 'श्यामू' ने सामाजिक, धार्मिक संगठनों और समाजसेवियों से रामलीला में समय पर पहुंचकर स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, चिकित्सक, समाजसेवी तथा रामलीला समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित