देवरिया, जून 24 -- अयोध्या में श्री राम मंदिर से सम्बंधित कथित वित्तीय अनियमिताओं को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को यहां प्रदर्शन किया और इस मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग के साथ राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने कहा कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं, दान एवं जवाहरात प्रबंधन में हुई गड़बड़ियों,चोरी तथा घोटाले के आरोपों ने करोड़ों श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस की आस्था को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर देश की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता की निष्पक्ष जांच होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। लेकिन अभी तक इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज न किया जाना कई सवाल खड़े करता है। किसी भी गंभीर मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत प्राथमिकी दर्ज करना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा बिना मुकदमा के जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर स्वाभाविक रूप से संदेह उत्पन्न होता है।
कांग्रेस ने राज्यपाल को सम्बोधित सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि इस पूरे प्रकरण में तत्काल मुकदमा दर्ज कराकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक कर श्रद्धालुओं एवं आम जनता के विश्वास को कायम रखा जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित