वाराणसी , जून 24 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मुख्य द्वार पर ही रोक दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हुए पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए गए चढ़ावे में अनियमितता एवं चोरी की घटनाएं अत्यंत गंभीर विषय हैं, जिससे देशभर के रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए तथा दोषी पाए जाने पर, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वयं को रामभक्तों की सबसे बड़ी हितैषी बताती है, लेकिन राम मंदिर में चढ़ावे की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे आम जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है, जबकि धार्मिक स्थलों की व्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित करना उसकी जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित