अयोध्या , जुलाई 06 -- श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार दोपहर तीन बजे प्रस्तावित न्यासी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक में राम मंदिर की व्यवस्था, वित्तीय मामलों और हाल में सामने आए चढ़ावा प्रकरण समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।
ट्रस्ट की ओर से जारी बैठक सूचना के अनुसार यह बैठक अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास की अनुमति से कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि द्वारा बुलाई गई है। बैठक का एजेंडा पांच प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित है। बैठक में सबसे पहले ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और न्यासी डॉ. अनिल मिश्र के त्यागपत्र पर विचार किया जाएगा। हालांकि दोनों के इस्तीफे स्वीकार किए जाएंगे या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय बैठक में ही होगा।
बैठक का दूसरा और सबसे चर्चित एजेंडा राम मंदिर के दान-पात्रों से प्राप्त धनराशि की गणना में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट है। ट्रस्ट के सामने जांच की प्रगति रखी जाएगी। हाल के दिनों में चढ़ावा प्रकरण को लेकर पुलिस कार्रवाई, गिरफ्तारी और जांच के चलते यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में ट्रस्ट की बैठक में इस मुद्दे पर विशेष मंथन होने की संभावना है।
तीसरे एजेंडे में आगामी समय में मंदिर प्रवेश से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, कतार प्रबंधन तथा अन्य सुविधाओं में सुधार के संबंध में निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अलेखापरीक्षित आय-व्यय विवरण, बैलेंस शीट तथा अन्य वित्तीय दस्तावेजों को भी न्यासियों के समक्ष प्रस्तुत कर उनकी स्वीकृति ली जाएगी। इसके अलावा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित