प्रयागराज , जून 24 -- अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को प्रयागराज में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एडीएम सिटी कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा।

कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी हसीब अहमद ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े गबन प्रकरण ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को मामले में पारदर्शिता बरतनी चाहिए और दोषियों को संरक्षण नहीं देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) निष्पक्ष ढंग से कार्य नहीं कर रही है और जांच की दिशा पर सवाल उठाए।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से हस्तक्षेप कर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कराने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित