लखनऊ , जून 08 -- आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता के मामले को लेकर सोमवार को भाजपा और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीराम को अर्पित किए गए चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना ट्रस्ट की जिम्मेदारी है।
श्री सिंह ने सोमवार को यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि राम मंदिर के दान पात्र और चढ़ावे में गड़बड़ी के मामले में लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकरण में गिरफ्तारियां हुई हैं और जांच एजेंसियों को कार्रवाई करनी पड़ी है, तो मामले की सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालु अपनी आस्था के तहत भगवान श्रीराम के चरणों में दान अर्पित करते हैं। ऐसे में चढ़ावे से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता गंभीर विषय है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए। आप नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा राम के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन जब रामभक्तों के चढ़ावे पर सवाल उठते हैं तो वह स्पष्ट जवाब देने से बचती है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों के मन में संदेह पैदा होता है।
श्री सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से भी इस मामले में सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है तो ट्रस्ट को तथ्यों के साथ अपना पक्ष सामने रखना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की आस्था से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।
श्री सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी श्रद्धालुओं की आस्था और चढ़ावे की पवित्रता से जुड़े इस मुद्दे को उठाती रहेगी तथा मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित