जौनपुर , जून 30 -- उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में दोषी चाहे छोटा हो या बड़ा, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत में श्री राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, "मछली छोटी हो या बड़ी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। दोषी चाहे किसी भी पद पर हो, कानून अपना काम करेगा।"टिन्नू यादव के घर बुलडोजर कार्रवाई के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्रशासन का विषय है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर कब और कहां चलेगा, इसका निर्णय प्रशासन अपने स्तर पर करेगा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए श्री राजभर ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से उनके खिलाफ अपशब्द कहलवाए जा रहे थे। उन्होंने कहा, "अब मैंने जवाब देना शुरू किया है तो उन्हें बुरा लग रहा है। इस जन्म में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे, इसके लिए उन्हें दूसरा जन्म लेना पड़ेगा।"विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।

श्री राजभर ने समाजवादी पार्टी पर उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। विधायकों की खरीद-फरोख्त संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा, "अगर कोई बिकेगा तो लोग खरीदेंगे ही।" उनके इस बयान को लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित