शाजापुर , जुलाई 05 -- अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चोरी की घटना के विरोध में करणी सेना की महिला शाखा ने मध्यप्रदेश के शाजापुर में प्रदर्शन कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को चप्पलों से पीटने का संकल्प लेने की बात कही।

करणी सेना के अध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि राम मंदिर में चोरी नहीं, बल्कि डकैती हुई है। उन्होंने कहा कि प्रकरण में नामित चंपत राय, गोपाल राय और अनिल मिश्रा के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई नहीं होने पर करणी सेना आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन के दौरान करणी सेना की महिला शाखा की कार्यकर्ताओं ने हाथों में चप्पल लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि कथित दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन की पांच हजार महिलाएं उनके विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित