जयपुर , जुलाई 05 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशाेक गहलोत ने कहा है कि अयोध्या राम मंदिर में हुए 'चंदा चोरी' के मामले से देश का हर नागरिक एवं गांव-गांव की जनता आक्रोशित है और जनता की आस्था के साथ हुआ यह खिलवाड़ वर्ष 2029 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की करारी शिकस्त का कारण बनेगा।

श्री गहलोत रविवार को चेन्नई स्थित टीनसीसी कार्यालय 'सत्यमूर्ति भवन' का दौरा कर नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माणिकम टैगोर से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दी और इस दौरान तमिलनाडु पीसीसी के सभी अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसे बचाने की लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसे हमें और मजबूत करना है।

यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत हमेशा से कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। जब 1977 में उत्तर भारत में कांग्रेस हारी, तब दक्षिण ने श्रीमती इंदिरा गांधी का साथ देकर देश को संदेश दिया, जिससे 1980 में कांग्रेस ने उत्तर भारत में भी क्लीन स्वीप किया। आज दक्षिण के सभी राज्यों में कांग्रेस सरकारें हैं और तमिलनाडु में 60 साल बाद सरकार में भागीदारी से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित