देवरिया , सितंबर 02 -- अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के प्रथम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किए गए सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्रा देवरिया जिले की भाटपार रानी तहसील के भोपतपुरा गांव के मूल निवासी हैं। उनकी नियुक्ति की खबर के बाद पैतृक गांव में खुशी का माहौल है।

श्री मिश्रा की नियुक्ति को उनके करियर का महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अध्याय माना जा रहा है। देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र श्रीराम मंदिर के प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गयी है। उनके सीईओ बनने की जानकारी मिलने के बाद गांव में लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

ग्रामीणों के अनुसार श्री मिश्रा का परिवार गांव का सम्मानित और मध्यमवर्गीय परिवार रहा है। उनके पिता नथुनी मिश्र शिक्षक थे, जबकि माता का नाम सरस्वती देवी है। उनकी पत्नी वात्सल्या मिश्रा हैं और उनके दो पुत्र हैं। श्री मिश्रा का परिवार वर्तमान में दिल्ली में रहता है। उनके भाई डॉ. देवेन्द्र मिश्रा दिल्ली में चिकित्सक हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि श्री मिश्रा के निकट संबंधी गांव में नहीं रहते, हालांकि उनके कुटुंब के कई सदस्य अब भी पैतृक गांव में रहते हैं। उनकी नियुक्ति की खबर के बाद गांव में लोग एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए। गांव के लोगों का कहना है कि श्री मिश्रा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे देवरिया जिले का नाम रोशन किया है। अब अयोध्या के श्रीराम मंदिर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से गांव के गौरव में और वृद्धि हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित