जालौन , जून 15 -- समाजवादी पार्टी के जालौन-गरौठा-भोगनीपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद नारायण दास अहिरवार ने अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे की राशि में कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए भारतीय जनता पार्टी से इस मामले में जवाब देने को कहा है। सोमवार को उरई में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई धनराशि के उपयोग में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि चढ़ावे की करोड़ों रुपये की राशि में किसी प्रकार की चोरी अथवा वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो यह केवल आर्थिक अपराध का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से राम मंदिर निर्माण को अपनी प्रमुख उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करती रही है, इसलिए इस प्रकरण पर उसे स्पष्ट रूप से अपना पक्ष रखना चाहिए।
सांसद नारायण दास अहिरवार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के अधीन कार्य करने वाली जांच एजेंसियां विपक्षी नेताओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करती हैं, लेकिन राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि जांच की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे आम श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और तथ्य सामने आ सकें। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने भाजपा पर विपक्षी दलों को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आस्था से जुड़े धन के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इस मुद्दे को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक समाजवादी पार्टी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी अथवा संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित