रायपुर , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में रामनामी समुदाय की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'राम-नामी' को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि रामनामी समाज की अनूठी परंपरा श्रद्धा, समर्पण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। इस विरासत को प्रभावी ढंग से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का कार्य इस डॉक्यूमेंट्री ने किया है।

श्री साय ने विश्वास जताया कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, जनजातीय एवं लोक समुदायों की सांस्कृतिक विरासत तथा प्रदेश की विविध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित