हैदराबाद , मार्च 27 -- श्रीराम नवमी के शुभ अवसर पर शुक्रवार को हैदराबाद में भगवान श्री राम की एक भव्य और आध्यात्मिक उत्साह से पूर्ण शोभायात्रा निकाली गयी।
इससे पहले दिन में, तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने ऐतिहासिक सीताराम बाग मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया और आशीर्वाद दिया।
भाग्यनगर श्री राम नवमी उत्सव समिति द्वारा आयोजित यह जीवंत शोभायात्रा ऐतिहासिक सीताराम बाग मंदिर से शुरू हुई और कोठी हनुमान व्यायामशाला की ओर बढ़ी, जो लगभग 6.2 किलोमीटर की दूरी पर है।
भक्तों द्वारा शोभायात्रा के मार्ग पर 'जय श्री राम' के जयघोष से सड़कें गूंज उठीं। शहर के विभिन्न हिस्सों से भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मूर्तियों को रंगारंग जुलूसों के साथ निकाला गया।
अन्य राज्यों के प्रतिभागियों सहित भक्तों की भारी भीड़ ने इस अवसर की भव्यता को और बढ़ा दिया। केसरिया झंडों, सजावट और पारंपरिक संगीत के साथ पूरा शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया और भक्तिमय वातावरण देखते ही बन रहा था।
बड़े पैमाने पर निकाली गयी इस शोभायात्रा को देखते हुए, हैदराबाद पुलिस ने कई क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंध लागू किये और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए लगभग 3,000 कर्मियों कोतैनात किया। पूरे मार्ग में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित