बलरामपुर , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और बुनियादी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों नागरिकों ने चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में नगर पालिका उपाध्यक्ष, पार्षद और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान एलाइनमेंट की अनदेखी की जा रही है। इसके अलावा सड़क से लगातार उड़ रही धूल के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। नाली निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का काम नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से जुड़ी इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित