अजमेर , मई 09 -- राजस्थान में अजमेर शहर की बदहल यातायात व्यवस्था और अव्यवस्थित पार्किंग को सुचारु करने के उद्देश्य से नगर निगम एलिवेटेड रोड के नीचे पिलर्स टू पिलर्स बनाए जा रहे डिवाइडर की शुरुआत ही विरोध की भेंट चढ़ गई है ।
रामसेतु के नीचे करीब 55 लाख 71 हजार की लागत से बनने वाले डिवाइडर का व्यापारी वर्ग ने तीखा विरोध दर्ज करवाया है । कचहरी रोड के व्यापारियों ने नाराजगी दर्ज करवाते हुए निगम प्रशासन पर बगैर सोचे विचारे जनता के धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
कचहरी रोड व्यापारिक संघ के अध्यक्ष सरदार नरेंद्र सिंह छाबड़ा ने बताया कि कचहरी रोड,स्टेशन रोड और पृथ्वीराज मार्ग पर निगम ने रामसेतु के नीचे डिवाइडर बनाने की कार्रवाई शुरू कर तो दी, लेकिन इसके दुष्प्रभाव को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया गया । पहले से ही सकरी सड़कें और उन पर अवैध अतिक्रमण के कारण सड़कों की चौड़ाई बहुत कम हो जाती है। ऐसे में पार्किंग की जगह डिवाइडर बन जाएगा तो सड़कों पर बाहर तक वाहन निकलेंगे जो हादसे और झगड़े की वजह बनेंगे।
व्यापारिक महासंघ के सचिव किशोर कुमार ने कहा कि बिना सोच विचार के बनाए जा रहे डिवाइडर के स्थान पर एक से दूसरे पिलर के बीच यदि चेन पार्किंग की कि जाए तो वाहनों की पार्किंग यथावत रहेगी साथ ही किसी तरह की समस्या का सामना न तो दुकानदार को करना पड़ेगा न ही ग्राहक परेशान होगा। शहरी यातायात को भी सुगमता से संचालित किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित