लखनऊ , जुलाई 15 -- केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने केंद्र सरकार से पार्टी संस्थापक दिवंगत रामविलास पासवान और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक दिवंगत कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने दलित, वंचित और पिछड़े समाज के उत्थान में ऐतिहासिक योगदान दिया है, इसलिए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से विभूषित किया जाना चाहिए। बुधवार को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा रहते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन पार्टी सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी दलितों सहित सभी वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। मेरठ में दलित युवती से जुड़े अत्याचार के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला है और लोजपा उनके साथ खड़ी है।

बसपा प्रमुख मायावती द्वारा कार्यकर्ताओं को दलित मुद्दों पर सड़क पर नहीं उतरने की सलाह संबंधी सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि केवल सड़क पर उतरना ही समाधान नहीं है। सरकार पर प्रभावी ढंग से दबाव बनाकर न्याय सुनिश्चित करना अधिक जरूरी है। उन्होंने बताया कि दलितों से जुड़े मुद्दों पर उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कई बार बातचीत हुई है और मंगलवार को भी उनकी मुख्यमंत्री से चर्चा हुई।

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस मुद्दे के बाद विपक्ष भी भगवान राम और सनातन परंपरा की बात करने लगा है।

विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए चिराग पासवान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान और लोकतंत्र खत्म होने का दावा किया गया था, लेकिन दो वर्ष बाद भी न आरक्षण समाप्त हुआ और न ही लोकतंत्र। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी दलितों को वोट बैंक नहीं मानती, बल्कि समाज और सरकार के बीच सेतु बनकर काम करना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 'नव संकल्प रैलियां' आयोजित करने की घोषणा की। इस दौरान जमुई से सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित