रायपुर , अक्टूबर 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने एक नवंबर को नयी दिल्ली में कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया है।
श्री पाण्डेय ने शनिवार को यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए धरना-प्रदर्शन का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनहित से जुड़ा कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह अपने आंतरिक मतभेदों तथा राजनीतिक विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय विरोध-प्रदर्शनों की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने विभिन्न चुनावों में कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली को नकार दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित