भोपाल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने ओरछा स्थित रामराजा मंदिर में प्रस्तावित "रामराजा लोक" परियोजना में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
श्री नायक ने आरोप लगाया कि लगभग 339 करोड़ रुपये की इस परियोजना में लागत बढ़ोतरी और निर्माण कार्यों में गंभीर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 153 करोड़, दूसरे चरण में 125 करोड़ और तीसरे चरण में 74 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है, लेकिन इसमें पारदर्शिता नहीं दिख रही है।
उन्होंने कहा कि बलुआ पत्थर की खरीद में भारी अनियमितता सामने आई है। बाजार में लगभग 52 रुपये प्रति वर्गफीट उपलब्ध पत्थर को सरकारी दस्तावेजों में 335 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से दर्शाया गया है, जो पांच से छह गुना तक अधिक है। उन्होंने इसे बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का संकेत बताया।
श्री नायक के अनुसार, लोक निर्माण विभाग की निर्धारित दरों को दरकिनार कर पर्यटन विभाग द्वारा अलग से दर सूची तैयार करना नियमों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि जहां सामान्यतः सीमित दर वृद्धि संभव है, वहीं इस परियोजना में लगभग 600 प्रतिशत तक वृद्धि दर्शाई गई है।
उन्होंने वन विभाग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पत्थरों के लिए अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है। साथ ही उन्होंने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्टों में भी ऐसी परियोजनाओं में अनियमितताओं पर उठे सवालों का उल्लेख किया।
उन्होंने महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी निर्माण गुणवत्ता को लेकर विवाद सामने आए थे। श्री नायक ने मांग की कि रामराजा लोक परियोजना की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों तथा ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित