अयोध्या , नवंबर 07 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रस्तावित अयोध्या यात्रा पर कटाक्ष करते हुये कहा कि ऐसे लोग अयोध्या जरूर आएं, लेकिन पहले रामभक्तों और संतों से माफी मांगें और अपने कृत्यों का प्रायश्चित करें।

उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णनन की मौजूदगी में दीपोत्सव के मंच से योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम अति कृपालु हैं। रामभक्तों पर गोली चलवाने और संतों पर लाठियां बरसाने वालों को वह क्षमा कर देंगे। उन्होंने कहा कि कभी जय श्रीराम बोलने पर गोलियां चलती थीं, लेकिन आज अयोध्या त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत कर रही है।

मुख्यमंत्री श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव के 10वें संस्करण को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि तमिलनाडु के एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर उन्होंने भारतीय संस्कृति और मूल्यों के प्रति समर्पण के बल पर अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।

योगी ने कहा कि श्रीराम की चेतना ही भारत की चेतना है। भगवान श्रीराम भारत राष्ट्र के प्राण और आत्मसम्मान हैं। गोस्वामी तुलसीदास की चौपाई 'अवधपुरी अति रुचिर बनाई, देवन्ह सुमन बृष्टि झरि लाई' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज की अयोध्या को देखकर त्रेतायुग का स्मरण होता है। 14 वर्ष के वनवास के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने पर नगरी जिस तरह सजी होगी, वैसी ही अनुभूति आज रामनगरी करा रही है।

मुख्यमंत्री ने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन्होंने कभी अयोध्या की गलियों को रक्तरंजित किया, वे आज भी अपने लोभ का संवरण नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे लोग कथा में पहुंचते हैं तो उन्हें उसकी मर्यादा तक का ज्ञान नहीं होता। वे कथा और मुशायरे का अंतर भी नहीं समझते और अपनी उच्छृंखल प्रवृत्ति से पवित्र परंपरा को अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने न्यायालयों में वकीलों की फौज खड़ी कर भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने का प्रयास किया था, आज वे भी उनके अस्तित्व को स्वीकार कर रहे हैं। यह वैचारिक विजय है। भगवान श्रीराम ने वनवासियों, निषादराज और माता शबरी सहित सभी को अपनाया। रामजन्मभूमि परिसर में महर्षि वाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र, माता शबरी और गृध्रराज जटायु की उपस्थिति इसी सामाजिक समरसता का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने रामजन्मभूमि आंदोलन में कारसेवकों के बलिदान, संतों के संघर्ष और अशोक सिंघल के नेतृत्व में चले आंदोलन का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पांच सौ वर्षों की चुनौतियों के बाद रामलला अपने जन्मस्थान पर विराजमान हुए हैं। रामभक्तों ने जो इतिहास रचा है, उसे अब कोई मिटा नहीं सकता। उन्होंने कहा कि अयोध्या में अब न कर्फ्यू लगेगा, न दंगा-फसाद करने का कोई दुस्साहस कर सकेगा और न ही संतों का अपमान होगा।

योगी ने कहा कि कभी अयोध्या में महज तीन घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन आज यह स्मार्ट सिटी के साथ सोलर सिटी भी बन चुकी है। धर्म पथ, भक्ति पथ, श्रीराम पथ और जन्मभूमि पथ श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में करीब 40 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं अयोध्या में संचालित हैं या पूरी की जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि त्रेतायुग में भगवान श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या आए थे, लेकिन हजारों वर्षों तक यहां हवाई अड्डा नहीं बन पाया। आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। राम की पैड़ी में सरयू का जल प्रवाहित हो रहा है। माता शबरी के नाम पर रसोई और निषादराज के नाम पर रैन बसेरे आधुनिक अयोध्या की पहचान बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 हजार दीपों से शुरू हुआ दीपोत्सव अपने दसवें संस्करण में 25 लाख दीपों का आंकड़ा पार कर चुका है। इस बार उपराष्ट्रपति के हाथों दीप प्रज्वलन के साथ अयोध्या में 30 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह आयोजन दुनिया भर के करोड़ों रामभक्तों को भावनात्मक रूप से जोड़ रहा है।

उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपोत्सव और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए रामराज्य की अवधारणा को साकार करने का आह्वान किया।

समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, राकेश सचान और सतीश चंद्र शर्मा, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर, स्वामी श्रीधराचार्य, स्वामी राघवाचार्य, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, श्रीमहंत कमलनयन दास, श्रीमहंत रामलखन दास और जगद्गुरु सतुआ बाबा सहित अनेक संत एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित