मथुरा , नवंबर 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक और हिमाचल प्रदेश के पार्टी प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और राम मंदिर दर्शन को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मंदिर पहुंचने में बहुत देर हो गई। अयोध्या जाने से पहले उन्हें अपनी सरकार के दौरान रामभक्तों पर गोली चलवाने की घटना का प्रायश्चित करना चाहिए।
मथुरा में पत्रकारों से बातचीत में श्री शर्मा ने अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनावी सनातनी बताते हुए आरोप लगाया कि ये नेता चुनाव नजदीक आने पर ही हिंदुत्व और सनातन की बात करने लगते हैं। चुनाव समाप्त होते ही उनका यह स्वरूप भी बदल जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की सरकार के दौरान रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं और सरयू नदी का पानी रामभक्तों के खून से लाल हो गया था। उन्होंने कहा कि देश उस घटना को कभी नहीं भूल सकता। अखिलेश यादव को अयोध्या जाने से पहले इसके लिए प्रायश्चित करना चाहिए।
श्री शर्मा ने कहा कि चुनाव आते ही अखिलेश यादव और राहुल गांधी भगवा गमछा पहनकर तथा जनेऊ धारण कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रदर्शित करने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं की राजनीति वोट हासिल करने तक सीमित है और जनता उनके राजनीतिक तौर-तरीकों को समझती है।
भाजपा विधायक ने कहा कि इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा विकास कार्यों के आधार पर लगातार जनसमर्थन हासिल कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित