पटना , सितंबर 07 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि अमर शहीद रामफल मंडल के त्याग, साहस और संघर्ष से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलना और विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्री निशांत कुमार ने सोमवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू)) प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में अमर शहीद रामफल मंडल के शहादत दिवस को राजकीय समारोह का दर्जा दिए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित आभार समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में उन्हें रामफल मंडल के पैतृक गांव जाने का अवसर मिला था। वहां स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने अमर शहीद के अदम्य साहस, त्याग और वीरता की गाथा को करीब से जाना।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसी दौरान गर्दनीबाग में कुछ लोग रामफल मंडल के शहादत दिवस को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की मांग के साथ अनशन पर बैठे थे। उन्होंने स्थानीय लोगों की भावनाओं और उनकी मांग से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल रामफल मंडल के शहादत दिवस को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा की। श्री कुमार ने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित